संवाददाता समाचार टाउन
-भटासा गांव के खेत में गहरे कुएं में फंसा था, वन विभाग की टीम ने मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाला
कायमगंज:कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भटासा में शनिवार को एक पुराने और गहरे कुएं में गिरे राष्ट्रीय पक्षी मोर को वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घंटों चली मशक्कत के बाद मोर को सुरक्षित देख ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार, भटासा गांव के फकीरे ठाकुर के खेत में एक पुराना और काफी गहरा कुआं स्थित है। शनिवार दोपहर खेतों में काम कर रहे किसानों को कुएं के भीतर से अचानक कुछ गिरने और फड़फड़ाने की तेज आवाज सुनाई दी। जब ग्रामीणों ने पास जाकर कुएं में झांका, तो वहां राष्ट्रीय पक्षी मोर फंसा हुआ दिखाई दिया। मोर बाहर निकलने के लिए संघर्ष कर रहा था, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण वह नाकाम था। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी।
खबर मिलते ही वन दरोगा लोकेश कुमार के नेतृत्व में ललित सिंह, जहीर खान और नानिकराम की टीम मौके पर पहुंच गई। कुआं संकरा और गहरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मुश्किलें आईं। हालांकि, वन विभाग के कर्मचारियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए रस्सियों के सहारे कुएं में उतरकर सावधानीपूर्वक मोर को अपने कब्जे में लिया और उसे सुरक्षित बाहर निकाला। बाहर निकालने के बाद वन विभाग की टीम ने मोर की स्थिति की जांच की। प्राथमिक देखभाल के बाद मोर पूरी तरह स्वस्थ और सामान्य पाया गया, जिसके बाद उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। वन विभाग की तुरत कार्रवाई की ग्रामीणों ने जमकर सराहना की है।
