Breaking
29 Jul 2026, Wed

शॉर्ट सर्किट से दो रेडीमेड दुकानों में लगी आग, लाखों का सामान जलकर हुआ राख।

संवाददाता समाचार टाउन

-एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू, पुलिस जांच में जुटी

कम्पिल/फर्रुखाबाद:नगर की राजपूत मार्केट में मंगलवार रात करीब 2 बजे शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने दो रेडीमेड कपड़ों की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दोनों दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

दुकानदार आलोक राठौर उर्फ पिंकू ने बताया कि देर रात उन्हें फोन के माध्यम से दुकान में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दुकान से तेज लपटें उठ रही थीं। उन्होंने बताया कि शॉर्ट सर्किट से लगी आग में उनकी रेडीमेड कपड़ों की दुकान पूरी तरह जल गई, जिससे उन्हें लगभग 7 लाख का नुकसान हुआ। दोनों दुकानों के बीच बनी लकड़ी की पार्टिशन के कारण आग तेजी से फैल गई और बगल में स्थित मुखराम राजपूत निवासी अकराबाद की रेडीमेड कपड़ों की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया।

मुखराम राजपूत ने बताया कि उनकी दुकान में रखा पूरा रेडीमेड कपड़ों का सामान आग में जलकर नष्ट हो गया। इस घटना में उन्हें करीब 1.50 लाख का नुकसान हुआ।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय दुकानदारों और पुलिस के संयुक्त प्रयास से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!