संवाददाता समाचार टाउन
फर्रुखाबाद/उत्तर प्रदेश:कादरीगेट थाना क्षेत्र के इटावा-बरेली नेशनल हाईवे (730C) स्थित पांचालघाट के पास रविवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब हरियाणा के फरीदाबाद निवासी युवक की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के समय उसकी पत्नी और मासूम बच्चा भी मौके पर मौजूद थे।
फोटो परिचय घटना के संबंध में जानकारी देते पत्नी राखी
जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद के दयालपुर निवासी 32 वर्षीय अरुण अपनी पत्नी राखी और बच्चे के साथ वाराणसी दर्शन कर कार से घर लौट रहे थे। रास्ते में पांचालघाट स्थित एक किराना दुकान पर वह कोल्ड ड्रिंक, चिप्स और पानी खरीदने के लिए रुके। इसी दौरान सफेद रंग की कार से पहुंचे बदमाशों ने अरुण पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। सिर और कंधे में गोली लगने से वह मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, सीओ सिटी अभय वर्मा समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल की मोर्चरी भेजा गया।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। एसपी आरती सिंह ने बताया कि मृतक वाराणसी से परिवार के साथ वापस लौट रहा था। प्रारंभिक जांच में अज्ञात हमलावरों द्वारा फायरिंग की पुष्टि हुई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले के खुलासे के लिए थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस समेत तीन टीमों को लगाया गया है। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज से महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

