Breaking
28 Aug 2026, Fri

मुनीम से करीब आठ लाख रुपये की लूट, तीन बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम।

संवाददाता समाचार टाउन 

कायमगंज/फर्रुखाबाद:दुर्गा टॉकीज-अहियापुर रोड के पास स्थित गोदाम के गेट पर नारायण टुबैको कंपनी के मुनीम से दिनदहाड़े करीब आठ लाख रुपये की लूट की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बताया गया कि तलैया मोहल्ला निवासी कंपनी के मुनीम पंकज शर्मा कायमगंज के एक प्रतिष्ठित व्यक्ति के घर से गोदाम पर काम करने वाले मजदूरों के हिसाब करने के लिए वह आज लगभग शाम 7 बजे पैसो से भरा थैला अपनी स्कूटी में रखकर जैसे ही गोदाम के गेट पर पहुंचे।तभी दो लुटेरों ने मुनीम से थैला छीनने की कोशिश की और लुटेरों ने उनके हाथ में पकड़े बैग में झपट्टा मार दिया।

मुनीम ने विरोध किया तो दो बदमाशों ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। इसी दौरान पहले से एक साथी मोटरसाइकिल पर बैठा रहा और उसकी मदद से मोटर साइकिल सवार बदमाश बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। बैग में करीब आठ लाख रुपये बताए जा रहे हैं। वारदात के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

लूट की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी कायमगंज अजय वर्मा और कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ल भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी।

इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश चन्द्र और एसओजी टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने मुनीम पंकज शर्मा से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। पुलिस ने लुटेरों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

पुलिस द्वारा बदमाशों की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश देने के साथ ही घटना के संबंध में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। दिनदहाड़े हुई करीब आठ लाख रुपये की लूट की घटना को लेकर व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!