संवाददाता समाचार टाउन
कम्पिल के गिरासपुर गांव में पूजा-पाठ के बाद आयोजित हुआ था भंडारा, पुलिस ने भोजन कब्जे में लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग को दी सूचना
कायमगंज/फर्रुखाबाद:थाना कम्पिल क्षेत्र के गांव गिरासपुर में पूजा-पाठ के बाद आयोजित भंडारे में भोजन करने से कुछ लोगों की हालत बिगड़ने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर भंडारे में तैयार किए गए भोजन को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए सोमवार सुबह क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी जावेद अख्तर और कम्पिल थानाध्यक्ष नितिन चौधरी गांव पहुंचे और जांच-पड़ताल की।
जानकारी के अनुसार गांव गिरसपुर निवासी जुगेंद्र सिंह के यहां पूजा-पाठ का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया था। भंडारे में पूड़ी और सब्जी सहित अन्य भोजन तैयार किया गया था। भोजन ग्रहण करने के बाद कुछ लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। इससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मामले की सूचना मिलने पर कम्पिल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और एहतियातन तैयार भोजन को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी जावेद अख्तर को भी मामले की जानकारी दी।
इसके बाद सोमवार सुबह क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी जावेद अख्तर और थानाध्यक्ष नितिन चौधरी ने गांव पहुंचकर जांच की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने भंडारे में तैयार पूड़ी, सब्जी और इस्तेमाल किए गए सरसों के तेल के नमूने लिए। सभी नमूनों को नियमानुसार सीज कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
अब प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि भंडारे में तैयार भोजन में किसी प्रकार की मिलावट या खाद्य गुणवत्ता संबंधी गड़बड़ी थी या नहीं। खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट पर मामले में आगे की कार्रवाई निर्भर करेगी।

