Breaking
13 May 2026, Wed

ट्रेन में लूटपाट के बाद युवक को नीचे फेंका,रेलवे ट्रैक किनारे बेहोश मिला घायल।

संवाददाता समाचार टाउन

कंपिल स्टेशन के पास दो युवकों ने वारदात को दिया अंजाम, कैश छीने, रेलवे ट्रैक किनारे बेहोश मिला घायल

कायमगंज/फर्रुखाबाद:कासगंज के एक युवक को ट्रेन में लूटपाट के बाद लुटेरों ने कंपिल स्टेशन के पास नीचे फेंक दिया। पत्थरों पर गिरने से युवक गंभीर रूप से घायल होकर पटरी किनारे बेहोश पड़ा रहा। ट्रेन चालक की सूचना पर पहुंची रेलवे पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया।

जनपद कासगंज के थाना दरियावगंज के ग्राम ककराला निवासी पंकज बुधवार रात ट्रेन से अपने घर जा रहा था। पंकज के मुताबिक, जब ट्रेन कंपिल स्टेशन के पास पहुंची, तो वह लघुशंका के लिए टॉयलेट की तरफ गया। तभी वहां पहले से खड़े दो युवकों ने उसे दबोच लिया।

आरोप है कि युवकों ने पंकज के पास रखे दो हजार रुपये जबरन छीन लिए। जब उसने विरोध किया, तो उन्होंने चलती ट्रेन से उसे नीचे धक्का दे दिया। ट्रेन की रफ्तार तेज होने के कारण पंकज पटरी किनारे लगे पत्थरों पर जा गिरा और लहूलुहान होकर अचेत हो गया। रेलवे ट्रैक के किनारे घायल युवक को ट्रेन के चालक ने तत्काल स्टेशन मास्टर को सूचना दी। जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में 108 एंबुलेंस को बुलाया। देर रात लगभग एक बजे घायल पंकज को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया गया। रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!