संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज/फर्रुखाबाद:अतिरिक्त नकदी मांगने को लेकर विवाद में आई शादी आखिरकार समझौते के साथ टूट गई। मंगलवार को कोतवाली में दोनों पक्षों के बीच कई घंटे चली वार्ता के बाद यह तय हुआ कि लड़के पक्ष शादी नहीं करेगा और लड़की पक्ष को कार्यक्रमों में खर्च की गई धनराशि वापस कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि एटा जनपद के थाना जैथरा क्षेत्र निवासी युवक से बेटी की शादी तय हुई थी। तिलक समारोह भी सम्पन्न हो चुका था और 13 मई को बारात आनी थी। आरोप था कि शादी से पहले लड़के के परिजनों ने अतिरिक्त तीन लाख रुपये की मांग करते हुए बारात न लाने की धमकी दी थी।मामले के तूल पकड़ने पर मंगलवार को दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे।
पुलिस की मौजूदगी में घंटों चली बातचीत के बाद समझौता हो गया। तय हुआ कि लड़की पक्ष द्वारा दिए गए सामान व खर्च की भरपाई के रूप में लड़के पक्ष 3 लाख 8 हजार रुपये देगा। इसके बाद दोनों पक्षों ने शादी न करने पर सहमति जता दी। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों में आपसी समझौता हो गया है।

