Breaking
19 May 2026, Tue

संवाददाता समाचार टाउन

-आलू बेचकर घर लौट रहा था बाइक सवार, अलीगंज मार्ग पर हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम

कायमगंज/फर्रुखाबाद:दिल्ली रोड स्थित अलीगंज मार्ग पर नहर पुलिया के पास सोमवार को पेट्रोल पंप से तेल डलवाकर सड़क क्रास करते समय एक अज्ञात चौपहिया वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक हवा में उछलकर काफी दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। सीएचसी ले जाने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

फोटो परिचय अस्पताल में शव पर रोते परिजन

च्योलारा गांव निवासी वेदराम राजपूत का 35 वर्षीय पुत्र वीरेंद्र राजपूत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के मुताबिक, वह सोमवार को अपनी बाइक पर आलू का पैकेट लादकर बेचने के लिए आया था। आलू बेचने के बाद वह वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान अलीगंज मार्ग पर नहर पुलिया के पास स्थित एक पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाने के बाद वह सड़क क्रास करने लगा। तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार चौपहिया वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वीरेंद्र सड़क पर गिरकर लहुलूहान हो गया। हादसे को देख मौके पर स्थानीय लोगों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने तत्काल 108 नंबर पर कॉल करके एम्बुलेंस को सूचना दी और परिजनों को हादसे की जानकारी दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस से गंभीर रूप से घायल वीरेंद्र को तुरंत सीएचसी ले जाया गया, जहां तैनात डॉ. जितेंद्र बहादुर सिंह ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इनसेट:

पांच मासूम बच्चों के सिर से उठा साया, रो-रोकर बुरा हाल।

वीरेंद्र की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक के बड़े भाई मेवाराम ने रोते हुए बताया कि वीरेंद्र बेहद गरीब था और मजदूरी कर किसी तरह अपने बच्चों को पाल रहा था। वीरेंद्र की मौत से उसकी पत्नी सोमवती बदहवास हो गई है। वहीं पिता का साया उठने से पुत्र शैलेश, आरव और पुत्रियां नैना, सुनैना व सोनम सहित सभी छह बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है, तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!