Breaking
22 Apr 2026, Wed

घर से निकला मजदूर सुबह पेड़ से लटका मिला,परिवार में कोहराम पुलिस और फोरेंसिक टीम ने की जांच।

संवाददाता समाचार टाउन

-नगला फारम गांव की घटना, पुलिस और फोरेंसिक टीम ने की जांच 

कायमगंज:कोतवाली क्षेत्र के नगला फारम गांव में मंगलवार सुबह गांव से कुछ दूरी पर एक 26 वर्षीय युवक का शव नीम के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। युवक सोमवार शाम से घर से लापता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।

ज्योना के नगला फारम गांव निवासी सेवाराम जाटव मजदूरी करता था। छोटे भाई मेवाराम ने बताया कि सोमवार शाम सेवाराम काम से लौटा था और उसने खाना बनाने को कहा था। इस पर उसने बिजली आने पर खाना बनाने की बात कही, जिसके बाद वह टहलने के बहाने घर से निकला और फिर वापस नहीं लौटा। देर रात तक खोजबीन के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला था। मंगलवार सुबह गांव की कुछ लोग जब खेतों की ओर जा रहे थे, तो उन्होंने रास्ते में पेड़ से लटका शव देखा। खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। शिनाख्त होने के बाद मृतक के भाई और बहन अंगूरी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने बताया सेवाराम के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है और वह अविवाहित था और छोटे भाई के पास रहता था।

इनसेट:

फॉरेंसिक टीम ने भी जुटाए साक्ष्य।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला और एसआई ज्ञान प्रकाश पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच की। फॉरेंसिक टीम को बुलाया, जिसने साक्ष्य एकत्र किए।

प्रभारी निरीक्षक ने बताया शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के भाई ने किसी से रंजिश की बात नहीं कही है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह साफ होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!