संवाददाता समाचार टाउन
उत्तराखंड में बाबा केदारनाथ के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के दल के साथ एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक हादसा सामने आया है। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर अचानक संतुलन बिगड़ जाने के कारण एक युवक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक युवक की पहचान फर्रुखाबाद जिले की कायमगंज तहसील के अंतर्गत कंपिल नगर (मोहल्ला मांझगांव) निवासी प्रियांश शुक्ला (26 वर्ष) पुत्र नरेंद्र शुक्ला के रूप में हुई है। जैसे ही इस दुखद घटना की खबर क्षेत्र में पहुंची, वैसे ही पूरे कंपिल नगर और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, कंपिल निवासी प्रियांश शुक्ला बीते शुक्रवार को अपने ससुराल पक्ष के लोगों और मित्रों सहित करीब एक दर्जन साथियों के साथ बाइकों से केदारनाथ धाम की यात्रा पर निकले थे। बुधवार सुबह करीब 10 बजे, बाबा केदारनाथ के दर्शन करने के बाद प्रियांश सोनप्रयाग की ओर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान यात्रा मार्ग पर अचानक प्रियांश का चलते चलते संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे गहरी खाई में जा गिरे।
फोटो परिचय मृतक युवक के दर्शन करते समय के कुछ फोटो
हादसा होते ही मार्ग पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आस-पास मौजूद स्थानीय दुकानदारों, गाइडों और साथी तीर्थयात्रियों ने तुरंत मदद का प्रयास किया। सूचना मिलते ही स्थानीय रेस्क्यू टीम (एसडीआरएफ/पुलिस) भी तुरंत मौके पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद खाई से युवक को निकाला गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सिर और शरीर में गंभीर चोटें आने के कारण प्रिंस की सांसें थम चुकी थीं।
तीन साल पहले हुई थी शादी, बिलख पड़ा परिवार
मृतक प्रियांश शुक्ला अपने चार बहनों और दो भाइयों में बेहद जिम्मेदार और मिलनसार स्वभाव के थे। वे क्षेत्र में अपने व्यवहार के लिए जाने जाते थे। करीब तीन साल पहले ही उनका विवाह हुआ था और उनका ढाई वर्ष का एक मासूम बेटा भी है। घटना से कुछ घंटे पहले ही प्रियांश ने वीडियो कॉल कर अपने माता-पिता और पत्नी से बात कर बाबा के दर्शन होने की खुशी साझा की थी। इस अनहोनी के बाद से मृतक के पिता नरेंद्र शुक्ला और माता का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी बेसुध हो गई है। मासूम बच्चे के सिर से पिता का साया उठने से हर आंख नम है।
इस भीषण हादसे के बाद प्रियांश के साथ यात्रा पर गए उनके साथी भी गहरे सदमे में हैं। उत्तराखंड पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई के बाद शव को गृह जनपद लाने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल, कंपिल नगर के मोहल्ला मांझगांव में अत्यंत गमगीन माहौल है और परिजन व क्षेत्रवासी भारी मन से शव के घर पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।

