Breaking
24 Apr 2026, Fri

शादी समारोह में हर्ष फायरिंग,दुल्हन के जीजा का भाई गोली लगने से गंभीर हालत नाजुक कानपुर रेफर मुकदमा दर्ज।

संवाददाता समाचार टाउन

कायमगंज/फर्रुखाबाद:गुरुवार रात विश्व हिन्दू परिषद गौरक्षा प्रकोष्ठ के जिला सह संयोजक के पुत्र की शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की घटना में दुल्हन के जीजा का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

फोटो परिचय समारोह में गोली लगने से घायल होने पर रोते परिजन

नगर के मोहल्ला जवाहरगंज निवासी विश्व हिन्दू परिषद गौरक्षा प्रकोष्ठ के जिला सह संयोजक प्रदीप सक्सेना के पुत्र जय सक्सेना का विवाह समारोह गुरुवार रात पटवनगली रोड स्थित लाला परमानंद बगीची में आयोजित था। लगुन की रस्म चल रही थीं और जयमाल कार्यक्रम की तैयारियां भी हो रही थीं। इसी दौरान जयमाल स्टेज के पास फायरिंग हो गई। बताया गया कि कार्यक्रम स्थल पर उरई से आए एक नेता के साथ कुछ बाउंसर असलहे लेकर मौजूद थे।

इसी बीच हुई फायरिंग में गोली बाजार कला, थाना शमशाबाद निवासी गौरव सक्सेना को जा लगी। गोली लगते ही वह मौके पर लहूलुहान होकर गिर पड़े, जिससे शादी समारोह में चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। घटना के बाद हालात को देखते हुए आरोपित मौके से फरार हो गए। परिजनों ने घायल गौरव को तत्काल फर्रुखाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया। वहां उनका इलाज जारी है।

फोटो परिचय दूल्हा जय सक्सेना पुत्र प्रदीप सक्सेना स्टेज पर बैठा हुआ।

सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला और कस्बा चौकी इंचार्ज अंकुर भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई और समारोह में मौजूद फोटोग्राफर के कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक नेता के साथ तीन राइफलधारी बाउंसर दिखाई दिए, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। फायरिंग करने वाले बाउंसर उरई निवासी पुरुषोत्तम सक्सेना के साथ आए थे। पुरुषोत्तम सक्सेना दूल्हे के पिता प्रदीप सक्सेना के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं और उरई में प्रॉपर्टी का कारोबार करते हैं। वह वर्तमान में लोक जन शक्ति पार्टी से जुड़े बताए गए हैं और पूर्व में भाजपा से भी संबद्ध रहे हैं।

घायल गौरव के भाई राहुल कुमार निवासी बाजार कला, शमशाबाद की तहरीर पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि उरई निवासी पुरुषोत्तम सक्सेना अपने आधा दर्जन साथियों के साथ कार्यक्रम में आए और हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने गौरव पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।

पुलिस ने हर्ष फायरिंग और जानलेवा हमले की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!