संवाददाता समाचार टाउन
-उलियापुर गांव की है घटना, लघुशंका के लिए उठे श्रमिक का अंधेरे में बिगड़ा संतुलन, नीचे रखे हैरो पर गिरने से हुआ हादसा
कायमगंज/फर्रुखाबाद:उलियापुर स्थित एक तंबाकू गोदाम पर कार्य करने आए वृद्ध श्रमिक की गुरुवार रात छत से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। अनुमान लगाया जा रहा है कि रात में लघुशंका के लिए उठते समय अंधेरे में संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत पर परिवार में कोहराम मच गया।
कानपुर देहात के थाना मकनपुर के अरौल गांव निवासी 65 वर्षीय मोहम्मद नवाब साथी श्रमिक सलीम और मोहम्मद मियां के साथ उलियापुर स्थित अंकुर गंगवार के तंबाकू गोदाम पर कार्य करता था। गुरुवार रात मोहम्मद नवाब अपने साथियों के साथ गोदाम की छत पर सो रहे थे। अनुमान लगाया जा रहा कि देर रात किसी समय मोहम्मद नवाब लघुशंका के लिए उठा और अंधेरे में संतुलन बिगड़ने के कारण गोदाम की छत से नीचे हैरो पर जा गिरा, जिससे उसके शरीर और सिर में गंभीर चोटें आई। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
फोटो परिचय घटनास्थल कर जांच करती पुलिस
शुक्रवार तड़के जब साथी श्रमिक सोकर उठे, तो मोहम्मद नवाब को बिस्तर पर न पाकर उन्हें चिंता हुई। जब उन्होंने छत से नीचे झांककर देखा, तो नवाब का लहूलुहान शव नीचे पड़ा था। यह देख श्रमिकों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तुरंत गोदाम स्वामी को दी गई। वह मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही उप निरीक्षक राम नरेश माथुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। साथी श्रमिकों से भी जानकारी ली। मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया है। पत्नी मसकेन और अन्य परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

