Breaking
11 May 2026, Mon

शादी से दो दिन पहले तीन लाख की मांग, दहेज न मिलने पर बारात रोकने की धमकी पुलिस से लगाई गुहार।

संवाददाता समाचार टाउन

  • तिलक में बाइक, नकदी व जेवर देने के बाद बढ़ाई मांग, पीड़ित पिता ने पुलिस से लगाई गुहार

कायमगंज/फर्रुखाबाद:क्षेत्र के एक गांव निवासी एक पिता ने बेटी की शादी से ठीक पहले अतिरिक्त कैश मांगने और बारात न लाने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और कार्ड भी बंट चुके हैं।

कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री की शादी एटा जनपद के थाना जैथरा क्षेत्र स्थित एक गांव निवासी युवक के साथ तय की थी। शादी की रस्में और तिलक कार्यक्रम 13 अप्रैल को सम्पन्न हो चुका था। पीड़ित पिता के अनुसार तिलक में उन्होंने मोटरसाइकिल, 65 हजार रुपये नकद, सोने की अंगूठी, कपड़े, बर्तन, मेवा-मिष्ठान समेत अन्य सामान दिया था। बारात 13 मई को आनी तय थी। इसके लिए गेस्ट हाउस, हलवाई और अन्य व्यवस्थाएं भी पूरी कर ली गई थीं। आरोप है कि लड़के के बड़े भाई और उसकी पत्नी ने फोन कर अतिरिक्त दहेज में तीन लाख रुपये की मांग की। कहा कि मांग पूरी होने पर ही बारात आएगी, अन्यथा शादी नहीं होगी।

पीड़ित पिता का कहना है कि उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देकर असमर्थता जताई और बताया कि शादी की तैयारियों में वह पहले ही अपनी क्षमता से अधिक खर्च कर चुके हैं। इसके बावजूद आरोपित अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।

पीड़ित ने बताया कि घटना से बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार सामाजिक अपमान की आशंका से परेशान है। वृद्ध पिता ने पुलिस प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर कानूनी कार्रवाई करने और तय तिथि पर शादी सम्पन्न कराने की मांग की है। इस संबंध में पुलिस ने बताया लड़के पक्ष को बुलाया गया है। मंगलवार को आने को कहा है। जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!