संवाददाता समाचार टाउन
कब्रिस्तान के सामने खेत में बनी दुकान में अचानक हुआ विस्फोट, हजारों रुपये का आतिशबाजी का सामान जलकर राख
शमशाबाद/फर्रुखाबाद:शमशाबाद-अलेपुर मार्ग पर खेत में बनी आतिशबाजी की एक दुकान में गुरुवार को अचानक जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट की तेज आवाज सुनकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और लोग अफरा-तफरी के बीच घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

जानकारी के अनुसार, कब्रिस्तान के सामने खेत में आतिशबाजी का सामान रखने के लिए दुकान बनाई गई थी। अचानक दुकान के अंदर तेज धमाका हुआ, जिसके बाद वहां रखा आतिशबाजी का हजारों रुपये का सामान आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गया।

धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि हादसे के वक्त दुकान पर कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और अन्य संबंधित टीमें मौके पर पहुंचीं और घटना की जांच शुरू की।

सूचना मिलते ही एसडीएम अभिषेक वर्मा, क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा, शमशाबाद थानाध्यक्ष सचिन चौधरी ने मौके का निरीक्षण कर विस्फोट के कारणों और दुकान में रखे आतिशबाजी के सामान के संबंध में जानकारी जुटाई। फिलहाल विस्फोट किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

