संवाददाता समाचार टाउन
-सुल्तानपुर पलनापुर गोवंश आश्रय स्थल का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं का भी लिया जायजा
कायमगंज/फर्रुखाबाद:एसडीएम अतुल कुमार सिंह ने गुरुवार को सुल्तानपुर पलनापुर स्थित गोवंश आश्रय स्थल का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गोवंशों के लिए उपलब्ध कराए जा रहे हरे चारे, भूसे, पेयजल तथा अन्य सुविधाओं की जानकारी ली और अभिलेखों का भी निरीक्षण किया। जहां 933 गौवंश मिले। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने गोवंशों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए कराए जा रहे टीकाकरण की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने मौजूद गोपालकों से बातचीत कर गोवंशों की देखभाल, भोजन एवं उपचार व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। गोपालकों ने बताया कि गोवंशों को समय पर चारा और पानी उपलब्ध कराया जा रहा है तथा उनकी नियमित निगरानी की जाती है। इस दौरान उन्होंने गौवंश को गुड़, चना, केला भी खिलाया। एसडीएम ने आश्रय स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था भी देखी और संबंधित कर्मचारियों को गोवंशों की बेहतर देखभाल के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गोवंशों को सुरक्षित वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। निरीक्षण में व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को साफ सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं को निरंतर बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

