संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज/फर्रुखाबाद:कोतवाली पुलिस ने फर्जी और कूटरचित विक्रय पत्र तैयार करने वाले तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इन शातिरों ने मिलकर करीब 40-50 साल पहले मर चुकी एक महिला को कागजों में जिंदा दिखाकर जमीन की धोखाधड़ी की थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को भकुसा से नगला मलू जाने वाले रास्ते से पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में रामवीर निवासी बल्लू बेहटा, अरविंद निवासी मलू नगला और अन्नू उर्फ राजवीर निवासी कोट मऊ रशीदाबाद शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। मामले में वादी शिववीर सिंह निवासी बेहटा बल्लू ने शिकायत दी थी कि आरोपियों ने करीब 40-50 वर्ष पूर्व मृत परमेश्वरी के नाम पर किसी अन्य को खड़ा कर फर्जी विक्रय पत्र तैयार कर लिया।
शिकायत के विरोध पर आरोपियों ने वादी के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथापाई भी की। इस मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

