संवाददाता समाचार टाउन
अमृतपुर/फर्रुखाबाद:गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर से अमृतपुर तहसील क्षेत्र के करीब 27 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों तक राहत पहुंचाने के लिए मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने स्टीमर से गांवों का दौरा किया। अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी अमृतपुर श्वेता साहू और तहसीलदार शशांक सिंह स्टीमर से तीसराम की मढ़ैया पहुंचे।
अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित जरूरतमंद ग्रामीणों को लंच पैकेट और आवश्यक सामग्री वितरित की। इस दौरान अपर जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने और जलस्तर बढ़ने पर सुरक्षित स्थानों पर चले जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल तहसील प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ पीड़ितों के लिए चित्रकूट विद्यालय में बाढ़ शरणालय बनाया गया है। यहां प्रभावित परिवारों के लिए आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। बाढ़ शरणालय में मौजूद लोगों को भी लंच पैकेट, जरूरत का सामान और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई।
उपजिलाधिकारी श्वेता साहू ने ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि बच्चों और बुजुर्गों को बाढ़ के पानी से दूर रखें। आवश्यकता पड़ने पर नाव अथवा प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए साधनों का ही प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और राहत के लिए लगातार निगरानी मैं स्वयं कर रही हूं।

