Breaking
28 Oct 2026, Wed

तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर, 40 वर्षीय धर्मेंद्र की मौत।

संवाददाता समाचार टाउन 

कायमगंज/फर्रुखाबाद:कायमगंज क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लुधैईया रोड पर बिजली घर के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक 40 वर्षीय धर्मेंद्र राजपूत गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 108 एम्बुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र (40) पुत्र नरेश राजपूत निवासी शिवरई मठ अपने ई-रिक्शे से कायमगंज से घर वापस जा रहे थे। इसी दौरान लुधैया रोड स्थित बिजली घर के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनके ई-रिक्शे में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि धर्मेंद्र ई-रिक्शे से गिरकर सड़क पर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए तत्काल एम्बुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल धर्मेंद्र को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले जाया गया। यहां चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

धर्मेंद्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अज्ञात ट्रैक्टर की टक्कर से हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों से होने वाले हादसों की गंभीरता को उजागर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!