संवाददाता समाचार टाउन
एडवोकेट इस्मत चुगताई ने निभाई जज की भूमिका, फर्रुखाबाद का नाम किया रोशन
ग्रेटर नोएडा/फर्रुखाबाद:गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लॉ, जस्टिस एंड गवर्नेंस के तत्वावधान में आयोजित 5वां पी.एन. माथुर मेमोरियल नेशनल मूट कोर्ट कॉम्पिटिशन-2026 सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। 31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को आयोजित इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न विधि संस्थानों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में विधिक मामलों और न्याय प्रक्रिया के उच्च मानकों को बनाए रखने के उद्देश्य से देश के जाने-माने कानूनी विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया था। इस अवसर पर एडवोकेट इस्मत चुगताई ने निर्णायक (जज) के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने मूट कोर्ट के विभिन्न सत्रों में प्रतिभागियों के कानूनी तर्कों, विधिक तथ्यों और न्यायिक दृष्टिकोण का मूल्यांकन करते हुए अपनी बहुमूल्य कानूनी सूझ-बूझ, विशेषज्ञता एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
फर्रुखाबाद से है इस्मत चुगताई का संबंध
एडवोकेट इस्मत चुगताई का संबंध फर्रुखाबाद जनपद से है। वह फर्रुखाबाद निवासी फरीद चुगताई की पुत्री हैं। फरीद चुगताई पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद के राजनीतिक सचिव हैं। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाने और सम्मानित होने से फर्रुखाबाद का नाम भी गौरवान्वित हुआ है।

कार्यक्रम के सफल संचालन और प्रतिभागियों के बौद्धिक विकास में उल्लेखनीय योगदान के लिए विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लॉ, जस्टिस एंड गवर्नेंस की ओर से एडवोकेट इस्मत चुगताई को प्रशंसा प्रमाण पत्र (Certificate of Appreciation) एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस दौरान विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों, प्रतियोगिता के संयोजकों और गणमान्य अतिथियों की विशेष उपस्थिति रही। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता ने विधि विद्यार्थियों को अपनी कानूनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और विशेषज्ञों से महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान किया।

