संवाददाता समाचार टाउन
अचरा गांव के पास बाइक की टक्कर लगने से सड़क पर गिरी 25 वर्षीय रीता, गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल ले जाया गया, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
कायमगंज/फर्रुखाबाद:कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के लालपुर पट्टी गांव की एक 25 वर्षीय महिला की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। महिला अपने पति और बेटी के साथ बाइक से मायके नवाबगंज जा रही थी। रास्ते में अचरा गांव के पास बाइक की टक्कर लगने से महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में महिला के पति और बेटी सुरक्षित बताए गए हैं। महिला की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालपुर पट्टी गांव निवासी 25 वर्षीय रीता अपने पति कुलवंत सिंह और बेटी के साथ बाइक से मायके नवाबगंज जा रही थी। बताया गया कि जब उनकी बाइक अचरा गांव के पास पहुंची, तभी अचानक टक्कर लगने से रीता सड़क पर गिर गई। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं। वहीं बाइक पर सवार पति कुलवंत सिंह और उनकी बेटी सुरक्षित रहे।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल रीता को लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका परीक्षण किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने की खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
बताया गया कि रीता की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व कुलवंत सिंह के साथ हुई थी। हादसे के बाद पति और बेटी के सुरक्षित होने के बावजूद परिवार के लिए यह घटना बेहद दुखद साबित हुई। मासूम बेटी के सिर से मां का साया उठ गया। रीता की मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।
परिजन आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद रीता का शव गांव लेकर पहुंचे। पति कुलवंत सिंह ने बताया कि वह पत्नी का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते हैं। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिवार में अचानक हुई इस दुखद घटना से सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।

