संवाददाता समाचार टाउन
लखनऊ:आगामी 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, लखनऊ में आयोजित होने वाले संविधान रक्षा मार्च को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में रविवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय नेहरू भवन, लखनऊ में पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संविधान रक्षा मार्च की तैयारियों, आयोजन की रूपरेखा और कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती आराधना मिश्रा, राज्यसभा में कांग्रेस के उपनेता प्रमोद तिवारी, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव विश्वविजय सिंह, सांसद तनुज पुनिया, पूर्व सांसद पीएल पुनिया सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले मार्च की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।कांग्रेस नेताओं ने संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले इस मार्च को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

