संवाददाता समाचार टाउन
-मां की शिकायत पर पुलिस ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ भी की कार्रवाई,
कायमगंज/फर्रुखाबाद:रामसिंह इंटर कॉलेज में नौवीं कक्षा के छात्र का हाथ टूटने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। नगर के मोहल्ला जटवारा निवासी सोना देवी ने तहरीर में बताया कि उनका पुत्र रामसिंह इंटर कॉलेज में कक्षा 9 का छात्र है। आरोप है कि 15 मई को सुबह करीब 10 बजकर 20 मिनट पर इंटरवल के दौरान कक्षा 9 के छात्र ने उनके बेटे के साथ मारपीट की और धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। हादसे में उसका पुत्र के बाएं हाथ की कोहनी के ऊपर की हड्डी टूट गई। परिजनों ने पहले सीएचसी में एक्स-रे कराया। हालत गंभीर होने पर उसे फर्रुखाबाद के आवास विकास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर हाथ में प्लेट डाली। उपचार के बाद 30 मई को छात्र को अस्पताल से छुट्टी मिली।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के संबंध में 1 जून को कोतवाली में लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन लंबे समय तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने क्षेत्राधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश देने की मांग की।
पुलिस ने अब पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, शिकायत में स्कूल प्रशासन पर लापरवाही बरतने और परिवार पर दबाव बनाने के भी आरोप लगाए गए हैं। और स्कूल से निकाले जाने की धमकी दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

