संवाददाता समाचार टाउन
कमालगंज/फर्रुखाबाद:गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक चार माह की गर्भवती महिला अर्धनग्न और बदहवास हालत में गंगा नदी से तैरकर किनारे पहुंची। महिला को इस हालत में देखकर मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए। पीड़िता ने अपने पति और ममिया ससुर पर दुपट्टे से गला घोंटने के बाद उसे गंगा में फेंकने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।
पीड़िता की पहचान कायमगंज के मीरगंज निवासी सुमन के रूप में हुई है। महिला के मुताबिक वर्ष 2020 में उसकी शादी हुई थी। पति से अनबन के बाद वह पिछले करीब डेढ़ वर्ष से कंपिल क्षेत्र के अकबराबाद निवासी अजीत पुत्र ओमकार के साथ पांचाल घाट पर किराए के कमरे में रह रही थी। अजीत सीएनजी टैंकर चलाता है।
सुमन ने बताया कि वह पिछले करीब 15 दिनों से बीमार चल रही थी। इसी दौरान मकान मालिक ने कमरा खाली करने का दबाव बनाया। बुधवार शाम करीब सात बजे अजीत अपने ममिया ससुर रामू के साथ काले रंग की अपाचे बाइक से उसे लेकर निकला। महिला का आरोप है कि उसे बताया गया था कि हरदोई में उसकी नन्द के घर छोड़ा जाएगा।
आरोप है कि मड़ैयन घाट पुल के पास सुनसान स्थान देखकर दोनों ने बाइक रोक दी। सुमन के अनुसार, दोनों ने दुपट्टे से उसका गला घोंटने का प्रयास किया। बेहोशी जैसी हालत होने पर उसे मृत समझकर गंगा नदी में फेंक दिया।
सुमन ने बताया कि नदी में गिरने के बाद उसकी चेतना वापस आई। पेट में पल रहे चार माह के बच्चे और अपनी जान बचाने के लिए उसने पूरी ताकत लगा दी। नदी का बहाव तेज होने के कारण तैरने में परेशानी हो रही थी। महिला के मुताबिक कपड़े भारी होने पर उसने उन्हें उतार दिया और सैकड़ों मीटर तक तैरकर नदी के किनारे पहुंची।
गंगा से अर्धनग्न और बदहवास हालत में महिला को बाहर निकलते देख पुल के पास काम कर रहे कर्मचारियों ने उसकी मदद की। कर्मचारियों ने महिला को शॉल और कपड़े उपलब्ध कराए। घटना की सूचना मिलते ही यूपी-112 की टीम मौके पर पहुंची और कमालगंज पुलिस को जानकारी दी।
थाना प्रभारी राम सहाय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। महिला सिपाही कीर्ति चौधरी की देखरेख में पीड़िता को सुरक्षित थाने ले जाया गया।महिला ने पति और ममिया ससुर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद पुलिस ने पीड़िता से पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या है और महिला को गंगा में फेंकने के आरोप कितने सही हैं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

