संवाददाता समाचार टाउन
अमृतपुर/फर्रुखाबाद:गंगा की बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों की मदद के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का राहत अभियान लगातार जारी है। सोमवार को तहसील अमृतपुर क्षेत्र के गांव रामपुर जोगराजपुर में विधायक सुशील शाक्य ने 465 बाढ़ प्रभावित लाभार्थियों को राहत सामग्री वितरित की। राहत सामग्री मिलते ही बाढ़ पीड़ितों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। इस दौरान उपजिलाधिकारी अमृतपुर श्वेता साहू और तहसीलदार शशांक सिंह भी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
उपजिलाधिकारी श्वेता साहू ने ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने बच्चों को बाढ़ के पानी और नदी के आसपास जाने से रोकें। बाढ़ के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी परेशानी का कारण बन सकती है, इसलिए सभी लोग स्वयं भी सतर्क रहें और अपने परिवार के सदस्यों को भी सुरक्षित रखें। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल अमृतपुर तहसील के कंट्रोल रूम से संपर्क कर अपनी समस्या की जानकारी दें, ताकि समय रहते समस्या का समाधान कराया जा सके।
एसडीएम ने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति को स्वास्थ्य संबंधी कोई परेशानी होती है तो वह तत्काल पुलिस, प्रशासन अथवा कंट्रोल रूम को सूचना दें। प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है और जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाने का प्रयास जारी है। राहत सामग्री वितरण के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। राहत सामग्री मिलने पर ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।

