Breaking
26 Sep 2026, Sat

एडिशनल कमिश्नर के सामने पुलिस की एफआईआर पर तंबाकू व्यापारियों ने उठाए सवाल। 

संवाददाता समाचार टाउन

-व्यापारी संवाद कार्यक्रम में जीएसटी नियमों पर चर्चा, एडिशनल कमिश्नर बोले, धोखाधड़ी के साक्ष्यों के आधार पर हुई है कार्रवाई

कायमगंज/फर्रुखाबाद:व्यापारी संवाद कार्यक्रम में जीएसटी और राजस्व संग्रह के साथ हाल ही में व्यापारियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा। व्यापारियों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए, जबकि राज्य कर विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संबंधित कार्रवाई विभाग नहीं, बल्कि पुलिस द्वारा की गई है।

टोबैको ट्रेड एसोसिएशन की ओर से गुरुवार को नगर के एक गेस्ट हाउस में राज्य कर विभाग द्वारा व्यापारी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जीएसटी नियमों, राजस्व संग्रह और व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विभागीय अधिकारियों और व्यापारियों के बीच खुलकर चर्चा हुई। मुख्य अतिथि राज्य कर विभाग इटावा संभाग के ग्रेड-वन एडिशनल कमिश्नर एचपी राव दीक्षित ने व्यापारियों को जीएसटी से संबंधित शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की भागीदारी से ही राजस्व संग्रह बढ़ेगा और राष्ट्र निर्माण को गति मिलेगी।

फोटो परिचय व्यापारी संवाद कार्यक्रम में जीएसटी अधिकारियों ने नियमों पर चर्चा की

संवाद के दौरान उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज कौशल ने हाल ही में 25 व्यापारियों के खिलाफ दर्ज पुलिस एफआईआर का मुद्दा उठाया। उन्होंने सवाल किया कि क्या पुलिस को इस तरह व्यापारियों के वाहनों को रोककर कार्रवाई करने का अधिकार दे दिया गया है। इस पर एडिशनल कमिश्नर ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का अधिकार क्षेत्र है।पुलिस अपने क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की जांच कर सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित एफआईआर राज्य कर विभाग द्वारा नहीं कराई गई है, बल्कि पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि मामले में जिन लोगों ने हाईकोर्ट का रुख किया है, वहां विभाग को भी पक्ष रखना पड़ रहा है और कोर्ट को यह बताया जा रहा है कि कार्रवाई राज्य कर विभाग की ओर से नहीं की गई है।

इससे पूर्व कार्यक्रम में पहुंचे अधिकारियों का तंबाकू ट्रेड एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने शाल ओढ़ाकर और माल्यार्पण कर स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।

इस अवसर पर ग्रेड-टू एडिशनल कमिश्नर राकेश कुमार, डिप्टी कमिश्नर हिम्मत सिंह, असिस्टेंट कमिश्नर अमित त्यागी, सीटीओ विनय त्रिपाठी, अशोक सिंह, एसोसिएशन अध्यक्ष सुभाष गुप्ता, संजय अग्रवाल, मनोज गंगवार, संजीव अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, पवन गुप्ता, संजय गुप्ता, अभिषेक अग्रवाल, अमित सेठ, सुधीर गुप्ता, धीरज अग्रवाल, जितेंद्र रस्तोगी, राजेश अग्निहोत्री, उमेश गुप्ता, विनोद गंगवार सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!