Breaking
7 Jul 2026, Tue

समाधान दिवस: डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने सुनीं 79 शिकायतें,निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं।

 संवाददाता समाचार टाउन

फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में शनिवार को सदर तहसील में ‘तहसील समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनका निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर होना चाहिए और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समाधान दिवस के दौरान कुल 79 शिकायती पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 2 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में सबसे अधिक मामले राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े रहे। कुल शिकायतों का विवरण इस प्रकार है।
राजस्व विभाग: 36 प्रकरण
पुलिस विभाग: 21 प्रकरण
चिकित्सा विभाग: 04 प्रकरण
विकास विभाग: 03 प्रकरण
विद्युत विभाग: 03 प्रकरण
अन्य विभाग: 12 प्रकरण

फोटो परिचय फरियादियों की फरियाद सुनती डीएम

डीएम ने विशेष रूप से राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि और आपसी विवादों के मामलों में दोनों टीमें संयुक्त रूप से मौके पर जाएं और जमीन पर जाकर विवाद का निपटारा करें। इसके साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों को हिदायत दी कि तय समय सीमा में शिकायतों का निस्तारण कर उसकी रिपोर्ट पोर्टल पर भी समय से अपलोड की जाए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनन्द उपाध्याय, उप जिलाधिकारी सदर गजराज सिंह, तहसीलदार सदर विक्रम सिंह समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!