संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज/फर्रुखाबाद:नगर के पट्टिया लेन , कंपिल रोड़ स्थित किरण पब्लिक स्कूल में 15 अगस्त के पावन अवसर पर 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस राष्ट्रीय पर्व पर विद्यालय परिसर को तिरंगे के रंगों से भव्य रूप से सजाया गया था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के संस्थापक डॉ. वीरेंद्र गंगवार, एकेडमिक मैनेजर श्री उदित पटेल एवं सहायक मैनेजर खुशी पटेल रहे। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती राधिका नायर एवं विद्यालय कोऑर्डिनेटर श्री जयन राजन द्वारा संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर किया गया। तत्पश्चात पीटीआई शिक्षिका अल्पना यादव के नेतृत्व मे बच्चों द्वारा परेड निकाली गई, राष्ट्रगान और तिरंगे को सलामी देने के उपरांत ‘सरस्वती वंदना’ कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन छात्रा अंजिता जयन एवं छात्र सक्षम शिक्षिका अंजना जयन ने संयुक्त रूप से अत्यंत प्रभावशाली ढंग से किया।

ध्वजारोहण के बाद छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। भाषण एवं विचार अभिव्यक्ति की कड़ी में छात्रा श्रद्धा व अलायत ने अंग्रेजी में तथा छात्रा दिशा ने हिंदी में ओजस्वी विचार व्यक्त किए और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन किया। इसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में अंजिता जयन और ग्रुप ने ‘मां तुझे सलाम’, आराध्या सिंह और ग्रुप ने ‘इंडिया वाले’, खुशी और ग्रुप ने ‘तेरी मिट्टी’, सौम्या और ग्रुप ने ‘नारी शक्ति मिक्सअप’, विधि और ग्रुप ने ‘देश रंगीला’, अनुपमा जयन और ग्रुप ने ‘वंदे भारतम’ तथा ईशनवी और ग्रुप ने ‘जहाँ पाँव में पायल’ गीत पर शानदार सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं अभिनय और ग्रुप द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर प्रस्तुत स्किट एवं काव्या और ग्रुप के अंग्रेजी नाटक ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। शिवम एवं आदित्य के ग्रुप्स द्वारा बनाई गई साहसिक ‘पिरामिड’ संरचनाओं ने सभी को रोमांचित कर दिया।

कार्यक्रम में शिक्षकों की भागीदारी भी बेहद खास रही शिक्षिका अंजू बाथम विचार प्रस्तुत करने साथ हिंदी में शानदार देशभक्ति कविताएं सुनाकर सभी का दिल जीत लिया जहां शिक्षिका खुशी ने अपनी मनमोहक नृत्य प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया, वहीं शिक्षिका प्रगति सक्सेना ने सुरीली आवाज में देशभक्ति गीत गाकर भी समां बांधा। शिक्षिका फराह खान, शिक्षक शाहरुख अली और अजमत अली ने अपने शानदार व देशभक्ति भरे शायराना अंदाज से पूरे माहौल को अत्यंत खुशनुमा बना दिया।

समारोह के दौरान संस्थापक डॉ. वीरेंद्र गंगवार एवं एकेडमिक मैनेजर श्री उदित पटेल ने अपने प्रेरक उद्बोधन में सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण, अनुशासन और कठिन परिश्रम के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।

इस भव्य समारोह के सफल एवं सुचारू आयोजन कला एवं रचनात्मक प्रभारी शिवानी राठौर, आरजू गंगवार, आकांक्षा सैनी, मीडिया प्रभारी हीरा अंसारी, शिक्षक विक्रांत सिंह, शाहरुख अली, अजमत अली, अतुल प्रताप, हरिद्वार, निखिल, नीरज अग्निहोत्री तथा शिक्षिका अंजू बाथम, आशिका, मंजू, पूजा, पूनम,फ़राह खान, खुशी, कोऑर्डिनेटर जयन राजन, लिपिक उमाकांत वर्मा एवं कंप्यूटर संचालक रवि कुमार का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती राधिका नायर ने उपस्थित सभी मुख्य अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं का हृदय से आभार व धन्यवाद व्यक्त किया और विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अंत में सभी विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरण के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।

