Breaking
24 Nov 2026, Tue

गोल्ड मेडल जीतकर कायमगंज की हीरा जफर ने बढ़ाया जिले का गौरव, कानून की पढ़ाई में हासिल किया पहला स्थान।

संवाददाता समाचार टाउन 

लखनऊ की इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में प्रोग्राम टॉपर बनीं हीरा जफर, स्वर्ण पदक से सम्मानित होने पर चिलौली पठान में खुशी की लहर, पिता और चाचा का बढ़ाया मान

कायमगंज/ फर्रुखाबाद:कायमगंज की प्रतिभाशाली बेटी हीरा जफर ने अपनी शैक्षणिक उपलब्धि से एक बार फिर साबित कर दिया कि मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। कानून की पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उन्होंने लखनऊ की इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। इस उपलब्धि के बाद उनके परिवार सहित पूरे मोहल्ले में खुशी का माहौल है।
नगर के मोहल्ला चिलौली पठान निवासी हीरा जफर, मरहूम जफर हसन खान की पुत्री हैं। वह जफर गार्डन मैरिज हॉल के संचालक अजमल खान की भतीजी हैं। फैकल्टी ऑफ लॉ में प्रोग्राम टॉपर बनने पर विश्वविद्यालय के समारोह में उन्हें स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया गया। हीरा की इस कामयाबी की जानकारी मिलते ही कायमगंज में उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिजनों और शुभचिंतकों ने इस उपलब्धि को परिवार के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।

इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में आयोजित सम्मान समारोह में कई प्रतिष्ठित अतिथियों ने शिरकत की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. दिनेश सिंह रहे। व के.आर. मंगलम यूनिवर्सिटी के चांसलर, जम्मू-कश्मीर राज्य उच्च शिक्षा परिषद के उपाध्यक्ष और दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति हैं। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में भारत में नाइजीरिया के उच्चायुक्त सैदू दाहिरू मुहम्मद भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के संस्थापक एवं चांसलर प्रो. सैयद वसीम अख्तर ने की। इस दौरान प्रो-चांसलर डॉ. सैयद नदीम अख्तर, कुलपति प्रो. जावेद मुसर्रत, प्रो-वाइस चांसलर प्रो. अकील अहमद, कुलसचिव प्रो. मोहम्मद हारिस सिद्दीकी, परीक्षा नियंत्रक प्रो. अब्दुल रहमान खान तथा कानून संकाय के डीन प्रो. नसीम अहमद सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हीरा जफर की इस उपलब्धि से चाचा अजमल खान बेहद गौरवान्वित हैं। परिवार के लोगों का कहना है कि हीरा ने अपनी मेहनत और पढ़ाई के प्रति लगन से यह मुकाम हासिल किया है। मोहल्ले के लोगों ने भी उनकी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि कायमगंज की बेटी ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल कर पूरे इलाके को गौरवान्वित किया है।


हीरा जफर की सफलता क्षेत्र की उन छात्राओं के लिए भी प्रेरणादायक है, जो उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को बेहतर बनाने का सपना देख रही हैं। उनकी इस उपलब्धि ने यह संदेश दिया है कि बेटियां भी अपनी प्रतिभा और मेहनत से बड़ी से बड़ी सफलता हासिल कर सकती हैं। गोल्ड मेडल मिलने के बाद परिवार और क्षेत्र के लोगों को अब हीरा की आगामी उपलब्धियों का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!