Breaking
18 May 2026, Mon

महिला के नाम दर्ज जमीन पर जालसाजी कर निकाला बैंक लोन अधिकारियों से की शिकायत।

संवाददाता समाचार टाउन

-संपूर्ण समाधान दिवस में एएसपी और एसडीएम के सामने आए भूमि विवाद के मामले, 129 में से मात्र 7 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

कायमगंज/फर्रुखाबाद:तहसील परिसर में शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक ग्रीश कुमार सिंह और उपजिलाधिकारी अतुल कुमार सिंह की मौजूदगी में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान हर बार की तरह भूमि विवाद, अवैध कब्जे और पुलिस से संबंधित मामलों की भरमार रही। समाधान दिवस में कुल 129 शिकायती पत्र आए, जिनमें से मौके पर सिर्फ 7 मामलों का ही निस्तारण किया जा सका। शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

फरियादियों में कम्पिल क्षेत्र के भागीपुर उमराह गांव निवासी ओमनंदन ने एएसपी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित का आरोप है कि कुछ रसूखदार लोगों ने उसकी मनिकपुर स्थित भूमि पर जबरन कब्जा कर लिया है। जब वह अपने खेत पर जाता है, तो आरोपी उसके साथ गाली-गलौज करते हैं और विरोध करने पर जानमाल की धमकी देते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी ने थाना पुलिस को तत्काल मौके पर जाकर जांच करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

समाधान दिवस में कम्पिल के मोहल्ला बारह पत्थर निवासी प्रदीप कुमार ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसकी मां द्वारा क्रय की गई भूमि पर क्षेत्र के ही एक ग्रामीण ने बैंक अधिकारियों की मिलीभगत से फर्जी दस्तावेज तैयार कर लिए। इसके बाद ग्रामीण बैंक से उस जमीन पर ऋण भी पास करा लिया। पीड़ित ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।शमशाबाद के नैगांव गांव निवासी छक्कू लाल ने शिकायत की कि वर्ष 2007 से उनके घर के दोनों तरफ नाली और खड़ंजा बना हुआ है। अब एक दबंग ग्रामीण नाली का पानी बंद कर रहा है, जिससे मुश्किल पैदा हो रही है। कम्पिल के अधिवक्ता बालकृष्ण ने नगर पंचायत कम्पिल कॉलेज के सामने मुख्य मार्ग पर हो रहे अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटवाने की मांग की। पृथ्वी दरवाजा मोहल्ला निवासी राहुल गुप्ता ने आरोप लगाया कि बहलोलपुर स्थित उनकी जमीन पर यूकेलिप्टस के पेड़ खड़े हैं। विपक्षियों ने उनके पेड़ों को क्षतिग्रस्त कर दिया और खेत की मेड़ भी काट दी है।

इस मौके पर क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी, प्रभारी तहसीलदार हर्षित, नायब तहसीलदार अनवर हुसैन समेत कई विभागों के अधिकारी व उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!