संवाददाता समाचार टाउन
-17 जून को मामा के लड़के की शादी की तैयारियों में जुटी थी महिला, पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
कायमगंज/फर्रुखाबाद:नगर से सटे प्रेमनगर गांव में रविवार सुबह एक विवाहिता का शव घर के कमरे में छत के कुंडे से फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फोटो परिचय मृतका ममता का फाइल फोटो
प्रेमनगर गांव निवासी संजीव की 35 वर्षीयपत्नी ममता का शव रविवार सुबह घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के समय घर में मौजूद ससुर और बच्चे छत पर सो रहे थे, जबकि ममता की चार वर्षीय बेटी कमरे में उसके पास ही सो रही थी। सुबह परिजनों की नजर शव पर पड़ी तो घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार ममता की शादी करीब नौ वर्ष पहले हुई थी।
फोटो परिचय घटनास्थल पर जांच करती फॉरेंसिक टीम
उसका पति संजीव और उसके तीन भाई बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। घर पर ससुर और बच्चे ही मौजूद थे। मृतका की सास श्यामा देवी ने बताया कि वह शादियों में पूड़ी बेलने का काम करती हैं। रविवार सुबह करीब छह बजे काम से लौटने पर उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला तो ममता का शव फंदे पर लटका मिला। ससुर ओमप्रकाश ने बताया कि घर में किसी प्रकार का विवाद या तनाव नहीं था।
आगामी 17 जून को ममता के मामा के बेटे की शादी थी, जिसे लेकर वह काफी उत्साहित थी। शनिवार को ही वह बाजार से शादी की तैयारियों के लिए सामान खरीदकर लाई थी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने और परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

