संवाददाता समाचार टाउन
-जलभराव से फरियादियों व पुलिसकर्मियों को हुई परेशानी, नगर पालिका ने निकाला पानी
कायमगंज/फर्रुखाबाद:शनिवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर कोतवाली परिसर में जलभराव की समस्या उजागर कर दी। चंद मिनटों की बारिश में ही पूरा परिसर पानी से लबालब भर गया और टापू जैसा नजर आने लगा। जलभराव के कारण फरियादियों और पुलिसकर्मियों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कोतवाली परिसर में घुटनों तक पानी भरा हुआ था। परिसर में जमा पानी के बीच से होकर ही लोगों को अंदर-बाहर आना पड़ा। जलभराव के चलते कार्यालयी कार्यों के साथ ही दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित रहीं। सूचना मिलने पर रविवार को नगर पालिका की टीम सेक्शन मशीन लेकर मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने कई घंटे तक पानी निकासी का कार्य किया। कड़ी मशक्कत के बाद परिसर से पानी निकाला जा सका, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों के अनुसार, रेलवे रोड की ऊंचाई कोतवाली परिसर से अधिक होने के कारण बारिश का पानी सीधे परिसर में भर जाता है। वहीं, कोतवाली के बाहर रेलवे रोड पर भी हल्की बारिश में जलभराव की स्थिति बन जाती है। लोगों का कहना है कि अभी मानसून शुरू नहीं हुआ है और बेमौसम बारिश में ही यह स्थिति उत्पन्न हो गई। ऐसे में बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या और गंभीर होने की आशंका है। स्थानीय लोगों ने स्थायी जल निकासी व्यवस्था कराने की मांग की है।

