Breaking
30 May 2026, Sat

संवाददाता समाचार टाउन

-हन्या नगला गांव में भीषण अग्निकांड, झोपड़ियां, पशु चारा और नकदी जलकर नष्ट

कंपिल/फर्रुखाबाद:हन्या नगला गांव में शनिवार को लगी भीषण आग ने पांच परिवारों को भारी नुकसान हुआ है। आग की चपेट में आकर 17 भेड़ें जिंदा जल गईं और एक भेड़ घायल है। भेड़ों और गृहस्थी को बचाने के प्रयास में एक गृहस्वामी की पत्नी और भतीजा झुलस गया। जबकि झोपड़ियां, गृहस्थी का सामान, नकदी और पशुओं का चारा राख हो गया। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

शनिवार को क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिकंदरपुर तिहइया के मजरा हन्या नगला गांव निवासी नेत्रपाल की झोपड़ी के पास अचानक आग लग गई। तेज हवा के चलते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग में नेत्रपाल की 17 भेड़ें जलकर मर गईं। वही एक भेड़ घायल हो गई। बचाने पर नेत्रपाल की पत्नी रामादेवी और भतीजा नीरज झुलस गया वहीं कल्लू पाल की झोपड़ी में रखा समस्त गृहस्थी का सामान तथा 16 हजार रुपये नकद जलकर राख हो गए।

इसके अलावा मुकेश, सुरेश और रवेंद्र की झोपड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं। उनकी झोपड़ियों में रखा पशु चारा और अन्य घरेलू सामान भी नष्ट हो गया। अग्निकांड से गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर से पानी आदि डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तेज लपटों के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग बुझने के बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया। लेखपाल और कानूनगो ने प्रभावित परिवारों से जानकारी लेकर रिपोर्ट तैयार की। वही सूचना कर पहुंचे पशुचिकित्सक सुधीर कुमार ने 17 भेड़ों का पोस्टमार्टम किया जबकि एक घायल भेड़ का उपचार किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। राजस्व विभाग मामले की जांच कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!