संवाददाता समाचार टाउन
-पिता की तहरीर पर दो नामजद आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने शुरू की जांच
कायमगंज/फर्रुखाबाद:क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति की तहरीर पर पुलिस ने उसकी 16 वर्षीय बेटी को बहला फुसलाकर ले जाने के आरोप में गांव के दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री तीन मई की रात घर से लापता हो गई थी।
आरोप है कि गांव के जफर और अशलीम उसे बहला फुसलाकर अपने साथ ले गए। बाद में जानकारी मिली कि दोनों आरोपित किशोरी को गाजियाबाद में एक व्यक्ति के पास छोड़ आए थे। तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि इससे पहले भी किशोरी बिना बताए घर से चली गई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया था। इस बार दोबारा घटना होने पर पीड़ित पिता ने कोतवाली पहुंचकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों नामजद आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाए।

