Breaking
9 Jul 2026, Thu

लूटकांड में 22 घंटे बीते नहीं लिखा गया मुकदमा जांच में जुटी पुलिस।

 संवाददाता समाचार टाउन

-कंपिल-बदायूं मार्ग की है घटना, दंपति से तमंचे के बल पर जेवर, नकदी व मोबाइल लूटने का था आरोप

कंपिल/फर्रुखाबाद:कंपिल-बदायूं मार्ग पर कारव मोड़ के पास दंपति से तमंचे के बल पर हुई लूट के मामले में 22 घंटे बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं हो सका। इसे लेकर पीड़ित परिवार और ग्रामीणों में रोष है। पुलिस जांच में जुटी है।

नगर के मोहल्ला अंबेडकर नगर चिनहटपुर निवासी राजवीर शाक्य बुधवार शाम अपनी पत्नी ऋचा और तीन वर्षीय बेटी कृतका के साथ जनपद बदायूं के थाना उसहैत क्षेत्र के गांव खिरिया में मामा की बेटी की शादी समारोह से लौट रहे थे। कारव मोड़ के पास एक बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उनकी बाइक ओवरटेक कर रोक ली। बदमाशों ने बच्ची को गोद से छीनकर दंपति को तमंचे के बल पर धमकाया और करीब एक लाख रुपये के जेवर, 1500 रुपये की नकदी तथा मोबाइल फोन लूट लिया। राहगीरों के आने पर आरोपी अटैना की ओर तमंचा लहराते हुए फरार हो गए थे।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और पीड़ित दंपति को थाने ले गए थे। जहां तहरीर दी गई थी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल सका। पीड़ित का आरोप है कि घटना के एक दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। इससे परिवार के साथ-साथ ग्रामीणों में भी नाराजगी है। थाना प्रभारी नितिन चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!