संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज/फर्रुखाबाद:सीपी स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े ही हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण के साथ हुआ।इसके बाद विद्यालय की निदेशक डॉ. मिथलेश अग्रवाल, प्रधानाचार्य योगेश चंद्र तिवारी, प्रधानाचार्य आरके बाजपेयी एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने स्वतंत्रता सेनानियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत कर देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने देशभक्ति गीत, भाषण, कविता और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने भारत की एकता, अखंडता और देशप्रेम का संदेश दिया। विद्यालय परिसर में मौजूद छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों में उत्साह देखने को मिला।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सांसद मुकेश राजपूत ने बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें देश के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। विद्यालय की निदेशक डॉ. मिथलेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों से भारत का इतिहास पढ़ने और समाज में अपनी अलग पहचान बनाने की अपील की। साथ ही, उन्होंने शिक्षकों से बच्चों को राष्ट्र के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर विद्यालय के उप प्रधानाचार्य डॉ. मनोज तिवारी, मनोज श्रीवास्तव, सीपी विद्यालय के उप प्रधानाचार्य दीपक कुमार जेना सहित समस्त शिक्षकगण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

