Breaking
23 Aug 2026, Sun

बृजनंदन लाल जाटव की मौत पर समाजवादी पार्टी ने जताया शोक, राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ₹50 हजार की आर्थिक सहायता भेजी।

संवाददाता समाचार टाउन

 

कायमगंज/फर्रुखाबाद:विधानसभा के ग्राम बराबिकू निवासी साधारण किसान बृजनंदन लाल जाटव की दुखद मृत्यु के मामले में समाजवादी पार्टी के नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और न्याय की लड़ाई में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।परिजनों एवं ग्रामीणों के अनुसार खेत में सड़क निर्माण को लेकर क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा बनाए जा रहे दबाव के कारण बृजनंदन लाल जाटव मानसिक रूप से बेहद परेशान थे। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के दौरान लेखपाल द्वारा रिश्वत से संबंधित ₹70 हजार लिखी एक पर्ची उनकी जेब में डाली गई, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और मौके पर ही उनका निधन हो गया।

परिजनों एवं ग्रामीणों द्वारा निष्पक्ष जांच कराए जाने को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। समाजवादी पार्टी ने पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन से निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

पूर्व प्रत्याशी एवं पूर्व मंत्री सर्वेश अंबेडकर ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। और बृजनंदन लाल जाटव की पत्नी गीता देवी पुत्र आर्यन जाटव, युग जाटव और बेटी कशिश और प्रतीक्षा को आर्थिक सहयोग के रूप में चेक सौंपी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में शासन-प्रशासन के लोगों की मनमानी और भ्रष्टाचार चरम पर है। बृजनंदन लाल जाटव की मौत इसी व्यवस्था का दुखद उदाहरण है। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक और सांसद पीड़ित परिवार के घर पहुंचना तो दूर दो शब्द तक नहीं बोल सके, जबकि समाजवादी पार्टी ने इस दुख की घड़ी में परिवार का साथ दिया है।

सर्वेश अंबेडकर ने बताया कि उन्होंने पूरे प्रकरण की जानकारी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी को दी। घटना पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जी ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत किसान को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा पीड़ित परिवार की सहायता के लिए ₹50,000 की आर्थिक सहायता भेजी, जिसे वह स्वयं परिवार के बीच लेकर पहुंचे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर लोकतांत्रिक संघर्ष में साथ खड़ी रहेगी।

पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारूकी ने कहा कि भाजपा सरकार में दलित, पिछड़े और वंचित समाज के लोगों के साथ लगातार अत्याचार और शोषण की घटनाएं सामने आ रही हैं। शासन-प्रशासन के अधिकारी अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय भ्रष्टाचार में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि किसी गरीब की जान चली जाए, इससे सरकार और प्रशासन को कोई फर्क नहीं पड़ रहा है।

समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला महासचिव एवं प्रदेश सचिव मंदीप यादव एडवोकेट ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है। क्षेत्र के चार विधायक, एक सांसद और एमएलसी होने के बावजूद किसी ने पीड़ित परिवार के बीच पहुंचकर संवेदना व्यक्त करना तक उचित नहीं समझा। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद प्रशासन द्वारा परिवार पर दबाव बनाया गया, जिसके कारण आज भी परिवार के लोगों में भय का माहौल है।

इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष सोमेंद्र यादव, समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के जिला अध्यक्ष अमन सूर्यवंशी, अल्पसंख्यक सभा जिलाध्यक्ष साजिद अली खान, शिक्षक सभा जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष सयुस अभिषेक शाक्य, विधानसभा महासचिव मनोज कोरी, सलोवा के राष्ट्रीय सचिव बंटी यादव, समाजवादी बाबा साहब वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव अशोक अंबेडकर, बराबिकू ग्राम प्रधान के ससुर रामपाल शाक्य, ओमप्रकाश बिहारी यादव, नगर अध्यक्ष शमशाबाद अरविंद यादव, कामेश कटियार, विकास कुमार दीपू, अंकित यादव एडवोकेट, योगेंद्र यादव, पूर्व प्रधान धर्मेंद्र यादव, रामपाल यादव प्रधान, बढ़पुर ब्लॉक अध्यक्ष मुख्तियार आलम, पवन यादव प्रधान, विनेश प्रधान, देवेंद्र यादव, रवीश शास्त्री, संदीप यादव, शरद यादव सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

समाजवादी पार्टी ने शासन-प्रशासन से मांग की कि किसान बृजनंदन लाल जाटव की मृत्यु के पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, परिजनों को उचित आर्थिक सहायता एवं सुरक्षा प्रदान की जाए तथा यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही, दबाव अथवा भ्रष्टाचार सामने आता है तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।समाजवादी पार्टी ने स्पष्ट कहा कि गरीब, किसान और वंचित परिवारों के साथ अन्याय के विरुद्ध पार्टी हर स्तर पर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से संघर्ष करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!