संवाददाता समाचार टाउन
-मझोला गांव की है मृतका, दवा लेकर साइकिल से गांव लौट रही थी दसवीं की छात्रा, चालक फरार, परिचालक को भीड़ ने धुना
कायमगंज/फर्रुखाबाद:गुरुवार को तेज रफ्तार बालू लदे डंपर की टक्कर से साइकिल सवार 17 वर्षीय छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया, जबकि परिचालक को लोगों ने पकड़कर धुन दिया। गंभीर हालत में छात्रा को लोहिया अस्पताल रेफर किया गया, जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई। मौत पर परिवार में कोहराम मच गया।
फोटो परिचय मौत पर रोते परिजन
क्षेत्र के मझोला गांव निवासी नेत्रपाल की 17 वर्षीय पुत्री हिमांशी उर्फ स्वेता ने नगर के पटवनगली रोड स्थित बालिका विद्यालय से कक्षा 10 पास किया था। गुरुवार को वह नगर के एक चिकित्सक के यहां से दवा लेकर साइकिल से घर लौट रही थी। बताया गया है कि जब किशोरी रेलवे स्टेशन मोड़ से आगे पश्चिमी रेलवे फाटक की ओर जा रही थी, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार बालू लदे डंपर ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही किशोरी साइकिल समेत डंपर के नीचे चली गई और उसके दोनों पैर व एक हाथ बुरी तरह कुचल गए। हादसा देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग चीखते हुए दौड़ पड़े।
फोटो परिचय ट्रक के नीचे पड़ी छात्रा साईकिल
घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया, जबकि परिचालक को लोगों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह परिचालक को भीड़ से बचाकर अपने कब्जे में लिया। उधर, गंभीर रूप से घायल छात्रा को 108 एंबुलेंस से सीएचसी ले जाया गया। हादसे के समय छात्रा के पीछे साइकिल से आ रहे उसके भाई निखिल ने घटना देख परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। बेटी की हालत देख मां अर्चना का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फोटो परिचय मृतक हिमांशी का फ़ाइल फोटो
परिजनों ने बताया कि छात्रा के पिता नेत्रपाल का कुछ दिन पहले ही ऑपरेशन हुआ था। मृतका के दो बड़े भाई यश और सुमित हैं। किशोरी की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, भीड़ की पिटाई से घायल परिचालक ऋषभ को भी पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में उसे भी लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।

