संवाददाता समाचार टाउन
-अधीक्षक ने कोतवाली पुलिस को मेमो भेजकर कार्रवाई की मांग की
कायमगंज/फर्रुखाबाद:सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक ने अस्पताल परिसर में तैनात एक स्टाफ के पुत्र पर मोबाइल चोरी, रंगदारी वसूली और अभद्रता करने के आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को मेमो भेजा है। सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर विपिन कुमार ने कोतवाली प्रभारी को भेजे गए मेमो में बताया कि अस्पताल परिसर में रहने वाले एक स्टाफ के पुत्र द्वारा आए दिन अनर्गल गतिविधियां की जा रही हैं।
आरोप है कि वह अस्पताल आने वाले लोगों के मोबाइल चोरी करने, रंगदारी वसूलने तथा आम जनमानस के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करता है। अधीक्षक ने कहा कि उक्त गतिविधियों के कारण अस्पताल स्टाफ को लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही कर्मचारियों का मानसिक उत्पीड़न भी हो रहा है और सरकारी कार्य प्रभावित हो रहा है।
मेमो में उन्होंने आरोपित के नाम जिक्र भी किया है। अस्पताल अधीक्षक ने पुलिस से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

