संवाददाता समाचार टाउन
-तीन फर्रुखाबाद और एक अलीगंज की दमकल गाड़िया जुटी रही
-जांच शुरू, आम सीजन से पहले रखा गया बारदाना जलकर राख, नुकसान पर भावुक हुए आढ़ती
कायमगंज/फर्रुखाबाद:नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति के सब्जी खंड में रविवार रात लगी भीषण आग करीब तीन घंटे बाद बुझ सकी। पांच आढ़तियों को करीब 32 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि व्यापारियों ने मुआवजे की मांग उठाई है।
नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति स्थित सब्जी खंड में रविवार देर रात हुए भीषण अग्निकांड के बाद सोमवार को पूरे दिन मंडी में नुकसान का आकलन और जांच पड़ताल का दौर चलता रहा। आग में पांच आढ़तियों की दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। व्यापारियों के अनुसार इस हादसे में करीब 32 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
फोटो परिचय मंडी में जली दुकान
आग की चपेट में किसान फ्रूड एंड कंपनी के इख्तिदार उर्फ भाई मियां, इफ्तिखार, मोहम्मद उमर खां, कायमगंज फ्रूड एंड कंपनी के शानू खान तथा जय हनुमान एंड कंपनी के संजय कुमार की दुकानें आ गईं। दुकानों में रखा भारी मात्रा में नया बारदाना, फल कारोबार से जुड़ा सामान और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई।
पीड़ित आढ़तियों ने बताया कि आगामी आम सीजन को देखते हुए उन्होंने लाखों रुपये का नया बारदाना स्टॉक कर रखा था। आग लगने से पूरा सामान नष्ट हो गया, जिससे उनके सामने बड़ा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। सोमवार को कई व्यापारी जली दुकानों के सामने खड़े होकर नुकसान का आकलन करते दिखाई दिए।
फोटो परिचय मंडी समिति में जांच करते नायब तहसील, पीड़ित व्यापारी
घटना के बाद व्यापारी नेताओं संजय गुप्ता, आदेश अग्निहोत्री, अमित सेठ और उमेश गुप्ता ने मंडी समिति पहुंचकर पीड़ित व्यापारियों से मुलाकात की। व्यापारियों ने मंडी समिति की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि यदि सुरक्षा गार्ड समय रहते आग की जानकारी दे देते तो इतना बड़ा नुकसान नहीं होता। सोमवार को एसडीएम अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए नायब तहसीलदार को भेजा गया है। मंडी सचिव को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रविवार रात लगी आग पर काबू पाने के लिए कायमगंज के अलावा फर्रुखाबाद और एटा जनपद के अलीगंज से दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ी थीं। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका था। एसडीएम, सीओ देर रात तक डटे रहे
इनसेट:
आग में पिघल गए लोहे के पाइप, ढह गया दुकान का लेंटर।
इस भीषण अग्निकांड में व्यापारियों की दुकानों पर रखी लेनदेन की डायरी और रजिस्टर भी जलकर खाक हो गए जिससे उन्हें दोहरा नुकसान होने की संभावना है। आग इतनी भीषण थी कि भाई मियां की दुकान में लगे लोहे के मोटे-मोटे पाइप और सीमेंट की टीन शेड पिघल कर नीचे आ गए दुकान का लेटर ढह गया। प्लास्टिक की सैकड़ो क्रेटें पिघल कर पानी की तरह बह गई। दुकानों में लगे दो एसी और बाइक पूरी तरह जल गई।
इनसेट:
मंडी में आग लगने का कारण हालांकि पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाया है लेकिन शुरुआती जांच में सफाई कर्मी द्वारा कूड़े के ढेर से आग लगने का कारण भी बताया जा रहा है। व्यापारी रफी खा का कहना है 8 दिन पहले दुकानों के पीछे आग लगी थी, जिसे फायर ब्रिगेड ने आग को बुझाया था। वह आग भी सफाई कर्मियों द्वारा कूड़े के देर में आग लग गई थी।
इनसेट:
पीड़ितों के लिए एक महीने तक वैकल्पिक दुकान की व्यवस्था।
मंडी में नुकसान को लेकर आढ़ती तहसील पहुंचे। जहां उन्होंने उपजिलाधिकारी के समक्ष जली दुकान को लेकर उनके कारोबार के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर बात की, जिस कर एसडीएम ने मंडी सचिव को फोन कर चार आढ़तियों के लिए एक एक माह के लिए दुकान देने को कहा।

