संवाददाता समाचार टाउन
-रूटोल उपकेंद्र पर प्रदर्शन कर अधिशाषी अभियंता को सौंपा ज्ञापन, सुरक्षा उपकरण न मिलने पर जताई नाराजगी
कायमगंज/फर्रुखाबाद :बिजली वितरण खण्ड के अंतर्गत कार्यरत संविदा कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर रूटोल बिजली उपकेंद्र पर प्रदर्शन कर मांगे उठाई। कर्मचारियों ने बकाया वेतन भुगतान, अतिरिक्त कार्य का पारिश्रमिक और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग करते हुए दो दिन में कार्रवाई न होने पर कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी।
बिजली वितरण खण्ड कायमगंज के अंतर्गत आने वाले उपकेंद्रों पर कार्यरत संविदा कर्मचारियों ने उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन संविदा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रामकिशन के नेतृत्व में रूटोल बिजली उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर अधिशाषी अभियंता को ज्ञापन सौंपा।
फोटो परिचय एसडीओ को ज्ञापन सौंपते संविदा कर्मी
संविदा कर्मचारियों ने कहा कि उपकेंद्रों का कार्यक्षेत्र काफी बड़ा है, जबकि कर्मचारियों की संख्या बेहद कम है। इससे कार्य करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि श्रम विभाग के नियमों के अनुसार कर्मचारियों के लिए 8 घंटे ड्यूटी और 26 दिन का वेतन निर्धारित है, लेकिन उनसे 24 घंटे और पूरे 30 दिन कार्य कराया जा रहा है। कर्मियों ने अतिरिक्त कार्य का भुगतान किए जाने की मांग उठाई।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा लाइनमैन और एसएसओ को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। इससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि कंपनी का टेंडर भी समाप्त हो चुका है, इसके बावजूद अब तक बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया गया है।
संविदा कर्मियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दो दिन के भीतर उनकी जायज मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई और बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया गया, तो सभी संविदा कर्मी पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार पर चले जाएंगे। इसके बाद बिजली व्यवस्था प्रभावित होने की पूरी जिम्मेदारी उच्च अधिकारियों की होगी। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारी मौजूद रहे।

