संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज/फर्रुखाबाद:नगर की कृषि मंडी में रविवार को कूड़े के ढेर में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद व्यापारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। बताया गया कि मंडी परिसर में लंबे समय से कूड़ा एक स्थान पर जमा किया जा रहा था। धुआं उठता देख व्यापारी मौके की ओर दौड़ पड़े और मंडी कर्मचारियों को सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया।
व्यापारियों ने मंडी परिसर में फैली गंदगी और अव्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि मंडी में नियमित साफ-सफाई नहीं हो रही है और कूड़ा कई दिनों तक एक ही स्थान पर पड़ा रहता है। शौचालय बंद होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। व्यापारियों ने आशंका जताई कि किसी के बीड़ी या सिगरेट फेंकने से आग लगी हो सकती है।
व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बताया कि मंडी में कूड़ा रोजाना बाहर नहीं भेजा जाता, जिससे इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने उपजिलाधिकारी से प्रशासन से मंडी परिसर की नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण और बंद शौचालय को तत्काल चालू कराने की मांग की है। यहां बता दे बीते दिनों पहले कूड़े में आग लगने से मंडी में कई दुकानें जल गई थी जिसमें आढ़तियों का लाखों का नुकसान हुआ था।

