Breaking
23 May 2026, Sat

तेज रफ्तार बुलेरो कार ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर, दो महिलाओं की मौत कई रेफर।

संवाददाता समाचार टाउन

अलाहदादपुर गांव के सामने हुआ हादसा, चालक समेत चार घायल, तीन लोहिया रेफर

कार चालक साथी समेत मौके से फरार, पुलिस ने वाहन कब्जे में लिया

कायमगंज/फर्रुखाबाद:कायमगंज-अचरा रोड पर शनिवार को तेज रफ्तार कार ने सवारियों से भरे ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

फोटो परिचय अनियंत्रित कार गन्ने के पानी लगे खेत में घुसी

नगर से सटे पितौरा गांव निवासी ई-रिक्शा चालक हसीन शनिवार को पुलगालिब तिराहे से करीब आधा दर्जन सवारियां लेकर अचरा रोड की ओर जा रहा था। जैसे ही ईरिक्शा अलाहदादपुर गांव के सामने पहुंचा, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ईरिक्शा का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गन्ने के पानी भरे खेत में जा घुसी। इस दौरान कार चालक और उसमें सवार एक अन्य व्यक्ति मौके से फरार हो गए।

फ़ोटो परिचय ईरिक्शा के उड़ गए पर परखच्चे 

घटना देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और ईरिक्शा में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की सूचना पर एंबुलेंस भी पहुंच गई।

हादसे में थाना मेरापुर के पिलखना गांव निवासी 50 वर्षीय देववती तथा संकिसा निवासी 40 वर्षीय सुधा की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

वहीं ई-रिक्शा चालक हसीन के अलावा मृतका सुधा की 20 वर्षीय पुत्री लवली, देववती की 10 वर्षीय नातिन अंशिका तथा अचरिया वाकरपुर निवासी रजत घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अंशिका, रजत और हसीन को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।

फोटो परिचय हादसे के बाद अस्पताल में रोते परिजन

घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। कुछ देर बाद सीओ राजेश कुमार द्विवेदी ने भी घटनास्थल जायजा लिया। पुलिस ने खेत में पड़ी कार और क्षतिग्रस्त ईरिक्शा को जेसीबी की मदद से कोतवाली पहुंचा दिया।

इनसेट:

दवा लेकर लौट रहीं थीं सुधा, बेटी को छोड़कर घर जा रहीं थीं देववती।

सड़क हादसे में जान गंवाने वाली देववती और सुधा के परिवारों में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि मेरापुर थाना क्षेत्र के पिलखना गांव निवासी देववती अपनी पुत्री रेनू को घसिया चिलौली गांव छोड़ने आई थीं। वहां से वह अपनी 10 वर्षीय नातिन अंशिका के साथ ईरिक्शा से वापस घर लौट रही थीं। दूसरी ओर संकिसा निवासी सुधा अपनी 20 वर्षीय पुत्री लवली के साथ दवा लेने कायमगंज आई थीं और दवा लेकर गांव वापस जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में हादसा हो गया।

इनसेट:

अलाहदादपुर मार्ग पर स्पीड ब्रेकर की मांग तेज।

अलाहदादपुर मार्ग पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर लोगों में रोष है। शनिवार को हुए हादसे के बाद ग्रामीणों और राहगीरों ने मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग उठाई। लोगों का कहना है कि इस सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले इसी मार्ग पर जनपद एटा के अमोघपुर निवासी रंजीत की भी सड़क हादसे में मौत हो गई थी। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है।

इनसेट:

मोड़ पर खड़े बांस के पेड़ हटाने की उठी मांग।

 अलाहदादपुर पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर लोगों ने मोड़ के किनारे लगे बांस के पेड़ों को हटाने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि मोड़ पर खड़े बांस के झुरमुट के कारण सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। शनिवार को हुए हादसे के बाद लोगों ने पुलिस से पेड़ हटवाने की मांग की। इस पर पुलिस ने संबंधित विभाग से बात कर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed

error: Content is protected !!