संवाददाता समाचार टाउन
-दो दिन से पति-पत्नी में चल रहा था विवाद, मक्का के खेत में पानी लगाते समय उठाया कदम
कायमगंज/फर्रुखाबाद:कोतवाली क्षेत्र के गऊटोला गांव में घरेलू विवाद से परेशान युवक ने तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फोटो परिचय घटना स्थल का निरीक्षण करती पुलिस
गऊटोला गांव निवासी 40 वर्षीय महेंद्र राजपूत ने शनिवार देर शाम अपने मक्का के खेत में तमंचे से खुद को गोली मारकर जान दे दी। घटना के समय वह खेत में पानी लगा रहा था। गोली चलने की आवाज सुनकर उसकी पुत्री सरिता मौके पर पहुंची तो पिता खेत में घायल अवस्था में पड़े तड़प रहे थे। शोर मचाने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

मृतक की पत्नी विमला देवी ने बताया कि घर में केवल एक पंखा था, जिसे लेकर पिछले दो दिनों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। भीषण गर्मी के चलते परिवार के सभी सदस्यों को परेशानी हो रही थी। महेंद्र दूसरा पंखा लाने की बात पर नाराज चल रहा था। शुक्रवार शाम भी इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई थी।
फोटो परिचय मृत अवस्था में पड़ा शव रोते बिलखते परिजन
बताया गया कि घरेलू तनाव के चलते महेंद्र ने शनिवार शाम करीब सात बजे खेत में पानी लगाते समय तमंचे से खुद को गोली मार ली। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी और प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी दी गई जानकारी
मृतक अपने पीछे पत्नी विमला देवी, पुत्रियां रेशमा व सरिता तथा पुत्र हिमांशु, आर्यन और सुदेश को छोड़ गया है। परिजनों के अनुसार महेंद्र एक तंबाकू गोदाम में काम करता था। साथ ही दो बीघा जमीन पर खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। सीओ ने बताया पीआरवी से सूचना मिली एक युवक ने सीने में गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। जांच की जा रही है।

