संवाददाता समाचार टाउन
-राजस्थान के जयपुर में खेलते समय दुपट्टा फंसने से हुई थी बच्ची की मौत,अंतिम संस्कार से पहले पुलिस ने रोका
कायमगंज/फर्रुखाबाद:डायल 112 पर बूढ़ी गंगा पुलिया के पास बच्ची का शव पड़े होने की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को अंतिम संस्कार की तैयारी करते पाया। जांच पड़ताल में मामला राजस्थान के जयपुर में हादसे में हुई बच्ची की मौत का निकला।
रविवार को डायल 112 पर जनपद कासगंज के एक व्यक्ति ने सूचना दी कि बूढ़ी गंगा पुलिया के पास एक बच्ची का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस हरकत में आ गई और मौके पर पहुंची। वहां कुछ ग्रामीण शव के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवाकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस की पूछताछ में मामला अलग निकला। परिजनों ने बताया कि मृतका अपनी मां के साथ राजस्थान के जनपद जयपुर में रहती थी। 23 मई को सुबह करीब 11 बजे खेलते समय बच्ची के गले में दुपट्टा फंस गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
फोटो परिचय मौके पर जांच करते प्रभारी निरीक्षक
परिजनों ने राजस्थान पुलिस द्वारा तैयार पंचायतनामा और प्राथमिकी की प्रतियां पुलिस को दिखाईं। फौती सूचना में यह भी उल्लेख किया गया था कि बच्ची की मां पिछले चार वर्षों से एक ग्रामीण के साथ लिवइन रिलेशनशिप में रह रही है।
दस्तावेजों की जांच के बाद पुलिस ने बच्ची का शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बताया गया है कि महिला की शादी कासगंज में हुई थी, लेकिन पारिवारिक कारणों से वह पति से अलग रह रही है।

