संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज/फर्रुखाबाद:प्रसव के बाद एक 21 वर्षीय महिला की मौत हो जाने से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए एक निजी अस्पताल के खिलाफ पुलिस को सूचना दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के गऊटोला गांव निवासी आकाश की 21 वर्षीय पत्नी चांदनी को शनिवार को पुल गालिब स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव पीड़ा होने पर भर्ती कराया गया था, जहां उसने एक बालिका को जन्म दिया। प्रसव के बाद परिजन मां और नवजात को घर ले आए। घर पहुंचने के कुछ समय बाद ही चांदनी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इस पर परिजन उसे वापस उसी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर देखते हुए अस्पताल स्टाफ ने उसे बाहर ले जाने को कहा। इसके बाद परिजन उसे फर्रुखाबाद के एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन वहां भी उसकी स्थिति नाजुक बताकर बाहर ले जाने को कहा गया। परिजन देर रात महिला को लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
गुस्साए परिजन रात में ही शव लेकर पुनः कायमगंज स्थित उसी निजी हॉस्पिटल पहुंचे। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला और कस्बा चौकी प्रभारी अंकुर भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों ने निजी हॉस्पिटल पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया । पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर, मृतका के पति ने बताया कि नवजात बच्ची के सिर में चोट है, जिसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि परिजनों की सूचना पर पोस्टमार्टम कराया गया है। उन्होंने इलाज में लापवाही का आरोप लगाया था। अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
