संवाददाता समाचार टाउन
-दिल्ली रोड पर हुआ हादसा, दवा लेकर घर लौट रहा था युवक, ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा, परिवार में मचा कोहराम
कायमगंज/फर्रुखाबाद:दिल्ली रोड कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर बरझाला गांव रोड पर शनिवार को मिनी लोडर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने वाहन समेत पकड़ लिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना शमशाबाद क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव निवासी 28 वर्षीय सौरभ शर्मा शनिवार को कंपिल क्षेत्र के एक गांव से दवा लेकर बाइक से घर लौट रहा था। वह कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग स्थित बरझाला गांव पहुंचा ही था कि तभी मिनी लोडर ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सौरभ बाइक समेत सड़क पर गिर गया और मिनी लोडर उसे कुचलता हुआ निकल गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
फोटो परिचय मृतक का फाइल फोटो
घटना के बाद चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन आसपास के ग्रामीणों ने उसे वाहन समेत पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। युवक का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर एसआई रामनरेश माथुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और चालक को निगरानी में लेने के साथ वाहन को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फोटो परिचय घटनास्थल पर परिजनों से जानकारी लेती पुलिस
परिजनों ने बताया कि सौरभ के चेहरे पर फालिस का असर था और वह उसी बीमारी की दवा लेने कंपिल क्षेत्र के एक गांव गया था। दवा लेकर घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। बताया गया कि सौरभ दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता था। वह चार भाइयों आलोक, सौरभ, नीतेश और नितिन में दूसरे नंबर का था। उसकी मौत से मां स्नेहलता, बहन रागिनी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

