संवाददाता समाचार टाउन
-सिद्धार्थनगर से पहुंचे परिजनों ने कोतवाली में लगाई गुहार, पुलिस ने जांच शुरू की
कायमगंज/फर्रुखाबाद:मुंबई से घर लौट रहा सिद्धार्थनगर का एक मजदूर रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। पुलिस जांच में उसकी आखिरी मोबाइल लोकेशन कायमगंज के पृथ्वीदरवाजा क्षेत्र में मिलने के बाद परिजन बुधवार को कोतवाली पहुंचे और युवक की तलाश की गुहार लगाई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जनपद सिद्धार्थनगर के थाना उसका बाजार क्षेत्र के गांव कटकी निवासी सुधीर मुंबई में मजदूरी करता है। परिजनों के अनुसार वह 7 जून को मुंबई से अपने घर के लिए रवाना हुआ था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने थाना उसका बाजार में गुमशुदगी की सूचना दी। पुलिस की जांच में सुधीर के मोबाइल की आखिरी लोकेशन 8 जून को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे के बीच कायमगंज के पृथ्वीदरवाजा क्षेत्र में मिली। इसके बाद लापता युवक के चचेरे भाई चिंताहरन, ग्राम प्रधान रामप्रकाश और अन्य ग्रामीण बुधवार को कायमगंज कोतवाली पहुंचे। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला को पूरी जानकारी देकर युवक की तलाश कराने की मांग की।
प्रभारी निरीक्षक ने फौरन मामले की जानकारी जुटाई, जिस ट्रेन से युवक के आने की बात परिजन बता रहे हैं, उसका कायमगंज में ठहराव नहीं है। ऐसे में वह यहां कैसे पहुंचा। पुलिस ने कंपिल थाना क्षेत्र में 10 जून को मिले अज्ञात शव के संबंध में भी जानकारी जुटाई। परिजनों को शव का फोटो दिखाया गया, लेकिन उन्होंने उसकी पहचान सुधीर के रूप में नहीं की।
प्रभारी निरीक्षक ने परिजनों को मामले में गंभीरता से जांच कर सुरागरसी का भरोसा दिया है। उधर, युवक के लापता होने से उसकी पत्नी मालती और इकलौती बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार उसके सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए है।

