Breaking
3 Jul 2026, Fri

गौवध के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार एक फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस।

संवाददाता समाचार टाउन

-दो तमंचे, कारतूस और घटना में प्रयुक्त छुरियां, रस्सी बरामद, मऊरशीदाबाद गांव की है घटना

कायमगंज/फर्रुखाबाद:पुलिस ने मऊरशीदाबाद में गौवध के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, तीन कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त छुरियां और रस्सी बरामद की है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।

बीते माह मऊरशीदाबाद में तशकील के केले के बाग में गौवंश का मांस के टुकड़े और एक घायल गौवंश मिला था। 29 जून को कोतवाली के उपनिरीक्षक अरविंद कुमार की तहरीर पर कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान रफीक अहमद उर्फ राजू निवासी कटरा रहमत खां, सिमरती उर्फ पच्छू निवासी अताईपुर खटको, गुड्डू उर्फ सलीम खां निवासी अताईपुर जदीद तथा चांद मियां उर्फ चांद का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गुरुवार तड़के करीब 12 बजकर 45 मिनट पर टेड़ीकोन चौराहे के पास से रफीक अहमद, सिमरती उर्फ पच्छू और गुड्डू उर्फ सलीम खां को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से दो 315 बोर तमंचे, तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो बड़ी व दो छोटी छुरियां तथा रस्सी भी बरामद कर ली गई। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने गौवध की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। उनके बयान और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में पशु क्रूरता अधिनियम के अलावा आयुध अधिनियम की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं। मामले में नामजद चौथे आरोपी चांद मियां उर्फ चांद की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना कि गिरफ्तार आरोपियों में सिमरती उर्फ पच्छू के खिलाफ वर्ष 2015 में भी गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हो चुका है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की गई।

इनसेट

पूछताछ में खुली गोवध की पूरी कहानी

पुलिस ने खुलासे में बताया गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 28 जून की शाम वे चारों लोग एक गाय को कटरा रहमत खां के पास केले के खेत में ले गए थे, जहां उसका वध किया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने बताया कि घटना के बाद मांस अपने अपने घर ले गए, जबकि हड्डियां ठिकाने लगा दीं। घटना में प्रयुक्त छुरियां और गाय को बांधने में इस्तेमाल की गई रस्सी झाड़ियों में छिपा दी थी, ताकि बाद में दोबारा इस्तेमाल किया जा सके। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर इन्हीं स्थानों से छुरियां और रस्सी बरामद की। पुलिस के मुताबिक, घटना की जानकारी लोगों को मिलने के बाद सभी आरोपी अपने घर छोड़कर फरार हो गए थे और दूसरे स्थान पर भागने की फिराक में थे। इसी दौरान उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

इनसेट

पिता गिरफ्तार, बेटा फरार।

गौवध के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों में शामिल सिमरती उर्फ पच्छू का पुत्र चांद मियां उर्फ चांद पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान चांद मियां का नाम भी प्रकाश में आया है। चौथे आरोपी चांद मियां की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!