संवाददाता समाचार टाउन
कायमगंज/फर्रुखाबाद:सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों की शिकायतें आईं। कटरा रहमत खा निवासी सेवानिवृत्त ग्राम पंचायत अधिकारी श्यामाचरन ने चिकित्सा व्यय प्रतिपूर्ति की धनराशि कई माह बीतने के बाद भी न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। थाना नवाबगंज क्षेत्र के ठिठुलिया पट्टी गांव की एक महिला रेशमा ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान उसकी झोपड़ी और पति की कब्र को क्षति पहुंचाना चाहते हैं तथा दीवार भी तोड़ दी है।
इस मामले में नवाबगंज पुलिस को जांच के निर्देश दिए गए। चिलाका निवासी बेबी ने शिकायत की कि कुछ लोग उसके घर के मुख्य गेट पर अवरोध खड़ा कर रहे हैं। विरोध करने पर तमंचा दिखाकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इस मामले में पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। नगर के चीनी मिल रोड स्थित काशीराम कॉलोनी निवासी केशव चंद्र ने कॉलोनी में बिजली और पेयजल व्यवस्था न होने की शिकायत की।
उन्होंने बताया कि मूलभूत सुविधाओं के अभाव में लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है और चोरी के साथ जंगली जानवरों व जहरीले कीड़े मकोड़ों का भी खतरा बना रहता है। इस पर एसडीओ विद्युत को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इजौर निवासी दिनेश सिंह, सरवर सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन की पाइपलाइन में कई स्थानों पर लीकेज होने से जलभराव और सड़क खराब होने की शिकायत की। समाधान दिवस में कुल 108 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से नौ का मौके पर निस्तारण किया गया।
इस दौरान एसडीएम अतुल कुमार सिंह, सीओ राजेश कुमार द्विवेदी, तहसीलदार हर्षित सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे।

