संवाददाता समाचार पत्र
पुलगालिब से जामा मस्जिद तक प्रशासन ने कराई नापजोख, अतिक्रमण हटाने के लिए जगह-जगह लगाए निशान
कायमगंज/फर्रुखाबाद:नगर के पुलगालिब से जामा मस्जिद तक सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। इस मार्ग पर तहसील, न्यायालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित होने के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। इसके चलते मार्ग पर आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जाम की समस्या से निजात दिलाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने सड़क के दोनों ओर नापजोख कराकर चौड़ीकरण के लिए जगह चिह्नित की। तहसील प्रशासन, नगर पालिका और पुलिस की मौजूदगी में मार्ग के किनारे विभिन्न स्थानों पर निशान लगाए गए। इस कार्रवाई के दौरान सड़क के दोनों ओर बनी दुकानों के कई-कई मीटर हिस्से प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। इससे दुकानदारों के बीच भी चिंता बनी हुई है।

प्रशासन की इस कवायद के तहत सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की तैयारी की जा रही है। यदि चिह्नित हिस्सों में कार्रवाई होती है, तो कई दुकानों के आगे के हिस्से टूटने की नौबत आ सकती है। वहीं, सड़क चौड़ी होने से भविष्य में जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस दौरान बड़ी संख्या में तहसील के अधिवक्ता भी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से की गई नापजोख और चिह्नांकन के बाद अब आगे की कार्रवाई को लेकर लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं।

